पट्टी (प्रतापगढ़)। कोतवाली पट्टी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम उपाध्यायपुर (सपहाछात) में बीती रात अज्ञात चोरों ने गांव में 2 घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने इस दुस्साहसिक वारदात को उस समय अंजाम दिया जब परिवार के लोग घर के भीतर ही सो रहे थे।
केस 1: शिवकुमारी देवी के घर में चोरी
पहली घटना शिवकुमारी देवी पत्नी स्व. लालमणि तिवारी के घर की है। प्रार्थिनी के अनुसार, वह और उनका नाती अभिनव शुक्ला घर के अंदर सो रहे थे। इसी बीच अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर अलमारी और बक्सों के ताले तोड़ दिए। चोरों ने शिवकुमारी देवी की बड़ी बहू अंजू तिवारी और छोटी बहू बबिता तिवारी के कीमती जेवरात और नकदी चोरी कर लिए। दोनों बहुएं वर्तमान में अपने पतियों के साथ लखनऊ और गोंडा में रहती हैं।
केस 2: प्रेम कुमार शर्मा के घर से 32 लाख की चोरी
दूसरी बड़ी वारदात शिवकुमारी देवी के पड़ोसी प्रेम कुमार शर्मा पुत्र धर्मराज शर्मा के घर हुई। प्रेम कुमार एक वैवाहिक कार्यक्रम में बाहर गए थे, जबकि उनके चचेरे भाई शैलेश कुमार शर्मा घर के दूसरे कमरे में सो रहे थे।
रात 1 से 3 बजे के बीच हुई वारदात:
चोरों ने ऊपरी मंजिल के कमरे का ताला तोड़कर भीषण चोरी की। पीड़ित के अनुसार, चोरों ने:
- एक सोने की चेन, झुमका, झाला, बालियां, मांग की कील।
- तीन सोने की अंगूठी, एक सोने की ठप्पा, 12 पीस सोने का मनका।
- एक सोने का मंगलसूत्र, चांदी के बिछुए और तीन जोड़ी पायल।
- एक डायमंड की नाक की कील।
- 60,000 रुपये नकद।
पीड़ित का अनुमान है कि कुल 32 लाख रुपये के आभूषणों की चोरी हुई है।
बाहर से कुंडी लगाकर भागे चोर
वारदात की जानकारी सुबह करीब 5:30 बजे हुई, जब घर में सो रहे शैलेश शर्मा ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन चोरों ने उनके कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था। शैलेश ने फोन कर नीचे सो रहे परिजनों को बुलाया। जब बाहर से दरवाजा खोला गया, तो बगल के कमरे का ताला टूटा मिला और सारा सामान बिखरा पड़ा था।
पुलिस जांच जारी
घटना की सूचना तत्काल पट्टी पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों पीड़ितों ने थाने में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एक ही रात में दो घरों में हुई इस बड़ी चोरी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
0 टिप्पणियाँ