BREAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

उपाध्यायपुर गांव में चोरों का तालातोड़ तांडव: दो घरों से लाखों के जेवर पार


पट्टी (प्रतापगढ़): पट्टी थाना क्षेत्र के उपाध्यायपुर गांव में शुक्रवार की रात बेखौफ चोरों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। शातिर चोरों ने न केवल चोरी की वारदात को अंजाम दिया, बल्कि विरोध से बचने के लिए परिजनों को कमरों में बाहर से बंद भी कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पट्टी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

केस 1: सो रहे परिजनों को कमरे में किया बंद

​गांव के निवासी प्रेम शर्मा पुत्र धर्मराज अपने परिवार के साथ लखनऊ में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। घर में परिवार के अन्य 8 सदस्य मौजूद थे जो नीचे के कमरों में सो रहे थे। चोरों ने मकान के दूसरे तल पर निर्माणाधीन कमरों की खिड़की के रास्ते प्रवेश किया।

​चोरों ने सावधानी बरतते हुए बगल के कमरों में सो रहे परिजनों के दरवाजों को बाहर से बंद कर दिया ताकि कोई बाहर न निकल सके। इसके बाद प्रेम शर्मा के कमरे का ताला तोड़कर वहां रखे लाखों रुपये के कीमती जेवर बटोर ले गए। घटना की जानकारी परिजनों को शनिवार सुबह लगभग 8 बजे हुई जब उन्होंने दरवाजा बाहर से बंद पाया।

केस 2: बुजुर्ग महिला के घर भी धावा

​प्रेम शर्मा के घर से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित अम्बरीश तिवारी पुत्र लालमणि तिवारी के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। घटना के वक्त घर में केवल एक बुजुर्ग महिला और उनका भांजा अभिनव मौजूद थे। चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और परिवार की दो बहुओं के लाखों रुपये के गहने चोरी कर लिए।

पुलिस की कार्रवाई

​ग्रामीणों ने सुबह घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पट्टी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।

​खबर लिखे जाने तक पीड़ितों की ओर से थाने में औपचारिक तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ