लखनऊ: उत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर सुगबुगाहट तेज हो गई है। आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से अपनी चुनावी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त दिनेश प्रताप सिंह ने लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की।
इस उच्चस्तरीय मुलाकात के दौरान मुख्य रूप से प्रतापगढ़ जिले की सभी सातों विधानसभा सीटों पर कमल खिलाने को लेकर अत्यंत महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक चर्चा हुई। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सीएम योगी और दिनेश प्रताप सिंह के बीच हुई इस गुप्त और रणनीतिक बैठक के दूरगामी राजनीतिक परिणाम देखने को मिल सकते हैं।
प्रतापगढ़ में रणनीति पर मंथन
बैठक में मुख्य रूप से प्रतापगढ़ की सभी सातों सीटों—प्रतापगढ़ सदर, रानीगंज, कुंडा, बाबागंज, विश्वनाथगंज, पट्टी और रामपुर खास—पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने और सांगठनिक रणनीतियों को अमलीजामा पहनाने पर मंथन किया गया। दिनेश प्रताप सिंह ने सीएम योगी को क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों और आगामी तैयारियों से अवगत कराया।
विपक्षी दलों की बढ़ी धड़कनें
चुनावी साल से काफी पहले सत्ता के शीर्ष नेतृत्व के बीच हुई इस मंत्रणा ने विपक्षी दलों की नींद उड़ा दी है। खास तौर पर प्रतापगढ़ के स्थानीय राजनीतिक समीकरणों के बीच बीजेपी के इस बड़े लक्ष्य ने सूबे की सियासत में पारा बढ़ा दिया है। अब देखना यह होगा कि प्रतापगढ़ के सियासी रण में भाजपा का यह संकल्प जमीन पर कितना असर दिखाता है।
0 टिप्पणियाँ