BREAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

प्रतापगढ़ में अनोखी पहल: इस साल 'अजरा महोत्सव' बनेगा वैचारिक मंथन का केंद्र, ‘द ग्रेट अजरा डिबेट’ का होगा आयोजन

​प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज तहसील क्षेत्र में स्थित पौराणिक एवं सांस्कृतिक धरोहर अजरा धाम को अब केवल एक वार्षिक मेले तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे भारतीय संवाद, तर्क और नैतिक चिंतन की जीवंत परंपरा के रूप में पुनर्स्थापित किया जा रहा है। इसी उद्देश्य के तहत इस वर्ष 'अजरा महोत्सव-2026' के अंतर्गत एक भव्य और लोकतांत्रिक वैचारिक श्रृंखला 'The Great Ajara Debate' (अजरा महान संवाद - 2026) का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा इस अनूठे आयोजन की विस्तृत रूपरेखा और समय-सारणी जारी कर दी गई है।
​क्या है इस आयोजन का केंद्रीय विचार?
​इस वर्ष के महोत्सव की थीम "यक्ष का प्रश्न, समाज का उत्तर" तय की गई है। आयोजकों के अनुसार, महाभारतकाल में यक्ष ने युधिष्ठिर से जो प्रश्न पूछे थे, वे आज के आधुनिक समाज, नैतिकता, पर्यावरण, तकनीक और मानवीय मूल्यों के परिप्रेक्ष्य में बेहद प्रासंगिक हैं। इस डिबेट का उद्देश्य किसी एक सही उत्तर को थोपना नहीं, बल्कि यह समझना है कि आज का समाज किन नैतिक मूल्यों और प्राथमिकताओं को सही मानता है।
​चार चरणों में होगा लोकतंत्र का अनूठा चयन
​प्रतापगढ़ के ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों की हर आवाज को मंच तक पहुँचाने के लिए इस प्रतियोगिता को चार मुख्य चरणों में बांटा गया है:
​प्रथम चरण (24 से 26 अगस्त 2026): जनपद की सभी 1148 ग्राम पंचायतों और 279 नगरीय वार्डों में खुले जन-संवाद आयोजित होंगे, जहाँ से कुल 1427 स्थानीय प्रतिनिधि चुने जाएंगे।
​द्वितीय चरण (29 से 30 अगस्त 2026): जिले के 17 विकासखंडों और 19 नगरीय निकायों में प्रतियोगिता होगी, जिससे 36 विजेता प्रतिभागी आगे का सफर तय करेंगे।
​तृतीय चरण - जोनल महासंवाद (2-3 सितंबर 2026): 36 प्रतिभागियों को चार जोनों में विभाजित कर सार्वजनिक बहस कराई जाएगी, जिससे शीर्ष 16 वक्ता जिला स्तर के लिए चुने जाएंगे।
​चतुर्थ चरण - जिला स्तरीय महासंवाद (5 सितंबर 2026): इस चरण के बाद अंतिम 8 प्रतिभागियों का चयन होगा, जिन्हें आधिकारिक रूप से 'अजरा अष्ट' घोषित किया जाएगा।
​17 सितंबर को होगा 'Grand Finale'
​ऐतिहासिक अजरा धाम परिसर में 17 सितंबर 2026 को महाकुंभ का अंतिम और सबसे आकर्षण चरण 'महान संवाद' आयोजित होगा। इसमें अंतिम आठ प्रतिभागी दार्शनिक, सामाजिक और नीतिगत विषयों पर अपने विचार रखेंगे।
​विजेताओं के लिए भारी-भरकम पुरस्कार
​प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए प्रशासन की ओर से आकर्षक पुरस्कारों की घोषणा की गई है:
​प्रथम पुरस्कार: ₹1,51,000 एवं 'अजरा युधिष्ठिर सम्मान'
​द्वितीय पुरस्कार: ₹1,01,000 एवं 'अजरा संवाद सम्मान'
​तृतीय पुरस्कार: ₹75,000
​इसके अतिरिक्त, अंतिम आठ प्रतिभागियों को 'अजरा अष्ट' सम्मान और प्रशस्ति-पत्र से नवाजा जाएगा।
​यह आयोजन प्रतापगढ़ के इतिहास में बौद्धिक और वैचारिक क्रांति का एक नया मील का पत्थर साबित होने जा रहा है, जिसमें जिला प्रशासन के साथ-साथ शिक्षा, पर्यटन और पंचायती राज विभाग मिलकर सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ